---Advertisement---

गोशाला पर जेसीबी कार्रवाई को लेकर भाजपा का तीव्र विरोध, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग |

May 29, 2026 1:28 PM
---Advertisement---

नालासोपारा, (सं), नालासोपारा स्थित शनि मंदिर के समीप बनी गोशाला पर वसई-विरार महानगरपालिका द्वारा जेसीबी से की गई कार्रवाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीव्र नाराजगी जताई है। इस कार्रवाई में एक गाय के गंभीर रूप से घायल होने का आरोप लगाया गया है। भाजपा के वसई-विरार जिला महामंत्री मनोज बारोट ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर तत्काल मामला दर्ज कर उन्हें सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी।

मनोज बारोट ने आरोप लगाया कि वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र में भूमाफियाओं द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण किए जा रहे हैं, जिन्हें पालिका अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर अवैध निर्माण हटाने गई पालिका टीम पर हमले हुए, जिसके बाद प्रशासन ने दोबारा वहां कार्रवाई करने का साहस नहीं दिखाया। लेकिन मूक पशुओं की गोशाला पर तुरंत जेसीबी चलाना महानगरपालिका की दोहरी नीति को दर्शाता है।

बताया गया कि प्रभाग क्रमांक 11 स्थित शनि मंदिर के पास की गोशाला पर पिछले सप्ताह भी कार्रवाई की गई थी। इसके बाद भीषण गर्मी और लू से बचाने के लिए करीब 40 से 42 गायों हेतु अस्थायी शेड तैयार किया गया था। आरोप है कि शुक्रवार सुबह महानगरपालिका ने बिना पूर्व सूचना दिए सीधे उस अस्थायी शेड पर जेसीबी चला दिया, जिससे एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गई।

भाजपा विधायक राजन नाईक ने भी इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने गाय को ‘राज्यमाता’ का दर्जा दिया है। एक ओर सरकार गायों के संरक्षण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर महानगरपालिका अधिकारी उन्हीं गायों के आश्रय स्थल पर जेसीबी चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने गायों को हटाने के लिए पर्याप्त समय तक नहीं दिया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment