---Advertisement---

पर्यावरण दिवस पर वसई-विरार में 10 हजार पेड़ लगाने का संकल्प, विरार से अभियान की शुरुआत |

June 5, 2026 11:15 AM
---Advertisement---

वसई-विरार: विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर वसई-विरार क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने का एक बड़ा अभियान शुरू किया गया है। अमेया स्पोर्ट्स अकादमी और यशवंत केशव चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष शहर में 10 हजार वृक्ष लगाने का संकल्प लिया गया है। इस अभियान का शुभारंभ गुरुवार को विरार के यशवंत नगर परिसर में हुआ।

महापौर के हाथों हुआ शुभारंभ

वृक्षारोपण अभियान का उद्घाटन वसई-विरार महानगरपालिका के प्रथम महापौर राजीव पाटील ने किया। इस कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र, पर्यावरण प्रेमी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थानीय जलवायु के अनुकूल प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे, जिनका प्रबंध अमेया स्पोर्ट्स अकादमी द्वारा किया जा रहा है।

सिर्फ रोपण नहीं, संरक्षण पर भी होगा जोर

इस अभियान की सबसे खास बात यह है कि इसमें केवल पेड़ लगाने तक सीमित नहीं रह जाएगा। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और उनके विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी लें, ताकि वे बड़े पेड़ बन सकें।

हरित शहर बनाने का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर राजीव पाटील ने गृहनिर्माण सोसाइटियों, युवा मंडलों और सामाजिक संगठनों से इस मिशन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और बदलते जलवायु को देखते हुए वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पेड़ की जिम्मेदारी ले, तो वसई-विरार को एक स्वच्छ और हरित शहर बनाया जा सकता है।

अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और आवासीय परिसरों में पौधारोपण किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने की शपथ ली।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment