एयरपोर्ट पर स्थापित हुई शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर छत्रपति शिवाजी महाराज की एक भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस प्रतिमा का अनावरण किया। इस विशेष कार्यक्रम में राज्य के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान मंत्री गणेश नाइक, अदिति तटकरे, विधायक प्रशांत ठाकुर और विधायक महेश बाल्दी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
शिवाजी महाराज के विचारों और विरासत पर दिया जोर

इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का शौर्य और राष्ट्र निर्माण की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा मार्गदर्शक बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर स्थापित यह प्रतिमा महाराष्ट्र की गौरवशाली परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इस प्रतिमा को बनाने वाले प्रसिद्ध शिल्पकार नितिन गोराडे का भी विशेष सम्मान किया।
दिव्यांगजनों द्वारा संचालित मिट्टी कैफे का दौरा

प्रतिमा अनावरण के बाद, मुख्यमंत्री फडणवीस ने हवाई अड्डे पर स्थित ‘मिट्टी कैफे’ का दौरा किया। यह कैफे पूरी तरह से दिव्यांगजनों द्वारा चलाया जाता है। मुख्यमंत्री ने वहां काम कर रहे दिव्यांग कर्मचारियों से बातचीत की और उनके काम करने के तरीके की जानकारी ली। उन्होंने उनकी आत्मनिर्भरता की तारीफ की और कहा कि ऐसे उपक्रम समाज में समावेशी विकास और समान अवसरों को बढ़ावा देते हैं।







