विरार प्रतिनिधि। मांडवी इलाके के काशीद कोपर में कुलस्वाई माता मंदिर के पास एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फोटोशूट के दौरान कैमरे में कैद हुई घटना
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक युवक मंदिर परिसर के पास फोटोशूट कर रहा था। इसी दौरान जब उसने अपने मोबाइल कैमरे से पास की पहाड़ी की तरफ जूम किया, तो उसे एक पेड़ पर लटका हुआ शव दिखाई दिया। यह देखकर युवक सन्न रह गया और उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दे दी।
आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारा गया और पंचनामा किया गया। मृतक की जेब की तलाशी लेने पर एक आधार कार्ड बरामद हुआ। इसी के आधार पर उसकी पहचान 34 वर्षीय लालमोहन पारस चौहान के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है।
आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए विरार ग्रामीण अस्पताल भेज दिया है। मांडवी पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि आखिरकार युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया। जांच जारी है।







