वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नयानगर इलाके में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विदेशी नागरिक के कब्जे से भारी मात्रा में कोकीन बरामद की है। पुलिस ने 261.5 ग्राम कोकीन जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 78 लाख 45 हजार रुपये बताई जा रही है।
गुप्त सूचना के आधार पर दबोचा
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर नशे के सौदागरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी कड़ी में 9 जून 2026 को एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी पुलिस निरीक्षक समीर शेख अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मीरा रोड रेलवे स्टेशन से पूनम सागर की ओर जाने वाले रास्ते पर ईशा वाइन शॉप के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया।
नाइजीरियाई नागरिक से लाखों का माल बरामद
पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान नाइजीरिया निवासी एक अफ्रीकी मूल के व्यक्ति के रूप में हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी नालासोपारा पूर्व के प्रगति नगर इलाके में रहता था। तलाशी के दौरान उसके पास से 261.5 ग्राम कोकीन बरामद हुआ, जिसे वह बिक्री के लिए लेकर जा रहा था।
एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने पंचनामा करके मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ नयानगर पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(क), 21(क) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी।







