विरार: वसई-विरार महानगरपालिका द्वारा नालासोपारा पश्चिम में शनि मंदिर परिसर के पास स्थित गौशाला के खिलाफ की गई कार्रवाई के बाद शहर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस कार्रवाई के विरोध में 8 जून को भारतीय जनता पार्टी और विभिन्न हिंदू संगठनों ने नालासोपारा से महानगरपालिका मुख्यालय तक विशाल मोर्चा निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आयुक्त की तस्वीर पर कालिख और मुख्यालय परिसर में गोबर
मोर्चे के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने महानगरपालिका आयुक्त की तस्वीर पर कालिख पोत दी और मनपा मुख्यालय परिसर में गोबर फेंक दिया। इन घटनाओं के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं। हालांकि, घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
कानून के दोहरे मापदंड पर उठे सवाल

इस घटना के बाद नागरिकों और पत्रकार संगठनों ने प्रशासन पर सवाल उठाना शुरू कर दिया है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि कुछ समय पहले मनपा के स्थापना विभाग से जुड़ी खबर छापने पर एक पत्रकार के खिलाफ एनसी दर्ज की गई थी। अब सवाल उठ रहा है कि जब खबर छापने पर कार्रवाई हो सकती है, तो सरकारी अधिकारी की तस्वीर का अपमान करने और सरकारी परिसर में गोबर फेंकने पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।
प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार
इस मामले में महानगरपालिका आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. और अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाड़े से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे बात नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया मिलने पर उसे शामिल किया जाएगा।







