---Advertisement---

विरार की म्हाडा कॉलोनी में जल संकट को लेकर हजारों का विरोध, मनपा मुख्यालय पर निकाला मोर्चा; श्मशान भूमि आरक्षण हटाने की भी उठी मांग |

June 11, 2026 4:27 PM
---Advertisement---

जल संकट से जूझ रहे हैं हजारों परिवार

वसई-विरार। विरार पश्चिम के बोळींज स्थित म्हाडा कॉलोनी में पिछले कई दिनों से चल रहे गंभीर जल संकट के खिलाफ बुधवार को हजारों नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। पानी की कम दबाव और बार-बार बाधित हो रही सप्लाई से परेशान रहवासियों ने वसई-विरार महानगरपालिका (वीवीएमसी) मुख्यालय पर एक विशाल मोर्चा निकाला। बोळींज स्थित इस म्हाडा कॉलोनी में लगभग 9,500 आवास हैं, जिनमें से करीब 8,300 घरों में लोग निवास करते हैं।

रात में आता है पानी, मिनटों में घट जाता है दबाव

म्हाडा संकुल समिति के उपाध्यक्ष कृष्णा देवाडीगा के अनुसार, कॉलोनी में रात करीब साढ़े बारह बजे पानी की सप्लाई शुरू होती है। शुरुआत में दबाव सामान्य रहता है, लेकिन कुछ ही मिनटों में पानी का दबाव इतना कम हो जाता है कि लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता। इसके अतिरिक्त, बिजली आपूर्ति बाधित होने या तकनीकी खराबी का हवाला देकर महीने में कई बार पानी की सप्लाई पूरी तरह से बंद कर दी जाती है।

मनपा मुख्यालय पर फूटा गुस्सा, महापौर को सौंपी मांगें

नागरिकों का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर महानगरपालिका में कई बार शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी नाराजगी के चलते बड़ी संख्या में रहवासियों ने मनपा मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। मोर्चे के बाद प्रदर्शनकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने महापौर अजीव पाटील और महानगरपालिका के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। नागरिकों के अनुसार, यह बैठक सकारात्मक रही और प्रशासन ने जल्द ही समस्या का समाधान निकालने का आश्वासन दिया है।

श्मशान भूमि आरक्षण हटाने की मांग

मोर्चे के दौरान नागरिकों ने म्हाडा कॉलोनी के समीप प्रस्तावित श्मशान भूमि के आरक्षण का भी विरोध किया। रहवासियों का कहना है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र के पास श्मशान भूमि का होना उचित नहीं है। नागरिकों ने मांग की कि इस आरक्षण को तत्काल हटाया जाए और श्मशान भूमि के लिए किसी अन्य उपयुक्त स्थान का चयन किया जाए, ताकि भविष्य में कॉलोनीवासियों को स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों का सामना न करना पड़े। पुलिस प्रशासन की देखरेख में यह मोर्चा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। मामले में प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment