मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के विकास में स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक के योगदान को सराहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले सात वर्षों में बैंक द्वारा चलाए गए विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों से राज्य के 8.3 लाख से अधिक नागरिक प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं।
सरकार और निजी क्षेत्र के संयुक्त प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और निजी क्षेत्र के मिले-जुले प्रयासों से विकास की मुख्यधारा वंचित वर्ग तक पहुंच रही है। जल संरक्षण, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में बैंक की पहल ने राज्य के विकास लक्ष्यों को मजबूती दी है। इन कार्यक्रमों के 52 प्रतिशत से अधिक लाभार्थी महिलाएं हैं और यह पहलें महाराष्ट्र के 30 जिलों तथा 75 प्रतिशत आकांक्षी जिलों में लागू की गई हैं।
जल सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर
जल सुरक्षा कार्यक्रम के तहत 1.06 अरब लीटर मीठे पानी के भंडारण की क्षमता विकसित की गई है। सूखा प्रभावित क्षेत्रों में 45 वाटर एटीएम स्थापित किए गए हैं। मराठवाड़ा और विदर्भ सहित 271 गांवों में जल सुरक्षा को मजबूत किया गया है। इसके अलावा, 8,000 से अधिक किसानों को जल संरक्षण और जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों से जोड़ा गया है। पर्यावरण संरक्षण के लिए 7 लाख पेड़ भी लगाए गए हैं।
रोजगार और कौशल विकास से युवाओं को मिला सहारा
रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए 6,598 युवाओं को कौशल विकास और रोजगार प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें से 63 प्रतिशत युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ। इलेक्ट्रिक वाहन, ऑटोमोबाइल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बैंकिंग जैसे क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। इस कार्यक्रम में 61 प्रतिशत लाभार्थी महिलाएं हैं और 758 महिला सूक्ष्म उद्यमियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां
बैंक के ‘सीइंग इज बिलीविंग’ कार्यक्रम के तहत 4.39 लाख से अधिक लोगों की आंखों की जांच की गई और 38,625 नेत्र शल्यक्रियाएं सफलतापूर्वक की गईं। राज्यभर में 49 दृष्टि केंद्र स्थापित किए गए हैं, जो अब आत्मनिर्भर रूप से चल रहे हैं और प्रतिवर्ष लगभग 1.6 करोड़ रुपये का राजस्व उत्पन्न कर रहे हैं।
सतत विकास और महिला सशक्तिकरण को मिली दिशा
स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक की भारत में स्थिरता प्रमुख करुणा भाटिया ने कहा कि बैंक वंचित समुदायों के जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि इन पहलों ने लाखों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है और सतत विकास व महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी है।






