वसई-विरार। वसई-विरार महानगरपालिका (VVMC) के प्रभाग ‘एच’ के अतिक्रमण नियंत्रण विभाग पर निष्क्रियता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। वसई-विरार कांग्रेस के नेता रवि भूषण सिंह ने मनपा आयुक्त को एक शिकायत पत्र भेजकर विभाग पर अवैध अतिक्रमणों को संरक्षण देने और समझौता विभाग की तरह काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने नागरिकों के सुरक्षा और सम्मान से जीने के अधिकार की मांग की है।
विभिन्न क्षेत्रों में अवैध कब्जों का आरोप
शिकायत पत्र में दावा किया गया है कि डी-मार्ट, अग्रवाल सर्कल, वसंत नगरी मैदान परिसर, शुभलक्ष्मी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और एवरशाइन सिटी क्षेत्र में बड़ी संख्या में अवैध दुकानें और अतिक्रमण हैं। आरोप है कि विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से इन अवैध कब्जों को संरक्षण मिला हुआ है और नियमित रूप से अवैध वसूली की जा रही है।
नागरिक अधिकारों पर प्रतिकूल असर
रवि भूषण सिंह ने पत्र में लिखा है कि विभाग की इस निष्क्रियता से नागरिकों का ‘सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार’ और ‘स्वच्छ वातावरण में रहने का अधिकार’ छिन रहा है। उन्होंने कहा कि बिना कार्रवाई के नागरिकों को सुरक्षित महसूस नहीं हो रहा है।
अधिकारियों के तबादले और जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने आयुक्त से मांग की है कि वे पूरे क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण कराएं और दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों का तबादला करें। उनका कहना है कि विभाग के पुनर्गठन और जवाबदेही तय किए बिना समस्या का समाधान संभव नहीं है। शिकायतकर्ताओं ने जल्द ही सबूतों और फोटोग्राफ्स के साथ आयुक्त से मुलाकात कर विस्तृत शिकायत पेश करने की बात कही है।







