मिरारोड: अपराध प्रकटीकरण शाखा कक्ष-4 की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में संचालित अवैध एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने अब तक 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और कुल 22.69 करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ, रसायन एवं प्रयोगशाला उपकरण जब्त किए हैं।
शुरुआती कार्रवाई और मुंबई-हैदराबाद में छापेमारी
पुलिस के अनुसार, यह मामला 4 अप्रैल 2026 को सामने आया था, जब मिरारोड पूर्व स्थित एक आवासीय परिसर से फिरदौस अरबाज कुरैशी नामक महिला के पास से लगभग 1 किलो 324 ग्राम एमडी ड्रग बरामद किया गया। जांच में उसके पति अरबाज वकील कुरैशी की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद नयानगर पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस ने मुंबई के आरेपाड़ा, मालवणी, मनोर और तेलंगाना के हैदराबाद क्षेत्र में छापेमारी की। इन कार्रवाइयों में 20.62 करोड़ रुपये मूल्य का एमडी ड्रग, उसे बनाने में उपयोग होने वाले रसायन और लैब उपकरण जब्त किए गए।
हरदोई में अवैध ड्रग फैक्ट्री का खुलासा
आगे की जांच के दौरान पुलिस ने 16 जून 2026 को उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से तसलीम आरिफ उर्फ रज्जाक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में हरदोई में संचालित एक अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री का खुलासा हुआ। पुलिस ने इस फैक्ट्री से 1 किलो 26 ग्राम एमडी ड्रग, 300 लीटर मोनो मिथाइल अमीन (MMA) रसायन और भारी मात्रा में लैब उपकरण जब्त किए।
जब्त किए गए उपकरणों में हीटिंग ड्रायर, सेपरेशन फ्लास्क, हीटिंग मेंटल, रिकवरी फ्लास्क, फोर-फिंगर क्लैम्प, एडिशन पॉट और ब्यूकनर फनल शामिल हैं। इस जब्ती की कुल कीमत लगभग 2.07 करोड़ रुपये आंकी गई है।
जांच जारी, अन्य आरोपियों की तलाश तेज
इस प्रकार, इस पूरे प्रकरण में पुलिस ने अब तक कुल 22.69 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ और संबंधित सामग्री बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और ड्रग तस्करी के इस अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त दत्तात्रय शिंदे, पुलिस उपायुक्त (गुन्हे) संदीप डोईफोडे तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अपराध प्रकटीकरण शाखा कक्ष-4 की टीम ने अंजाम दी।







