अस्पताल के सामने सड़क किनारे लोहे के पाइप में लटका मिला शव
विरार पश्चिम स्थित ग्रामीण अस्पताल के परिसर में एक अज्ञात युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
19 जून की रात की है घटना
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 19 जून की रात करीब 10:54 बजे की है। युवक ने अस्पताल के सामने सड़क किनारे लोहे के पाइप में रस्सी बांधकर फांसी लगाई। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण गला घुटने से बताया जा रहा है।
शिनाख्त और आत्महत्या के कारणों की जांच जारी
मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक, युवक का रंग सांवला था और उसने नीले रंग की अंडरवियर पहन रखी थी। उसके गले में फूलों की माला भी मौजूद थी। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। विरार पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है और मृतक की शिनाख्त तथा आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।







