शहर में कीचड़ और जलभराव की स्थिति

विरार। वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र में मंगलवार शाम से शुरू हुई सीजन की पहली बारिश ने जहां एक तरफ गर्मी से राहत दिलाई, वहीं कई इलाकों में कीचड़ और जलभराव की समस्या भी पैदा कर दी। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए महानगरपालिका के महापौर अजीव पाटील ने प्रशासन को शहर की स्वच्छता बनाए रखने और नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

त्वरित सफाई अभियान और कीटाणुनाशक का छिड़काव
महापौर पाटील ने घनकचरा प्रबंधन विभाग को निर्देशित किया है कि वे मुख्य सड़कों, व्यस्त चौक-चौराहों और जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सफाई अभियान चलाएं। सड़कों पर जमे कीचड़ को साफ करने के साथ ही संभावित संक्रमण को रोकने के लिए कीटाणुनाशक दवाओं के छिड़काव की भी हिदायत दी गई है। इसके अलावा, शहर में नियमित सफाई व्यवस्था को बरकरार रखने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

मानसूनी बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
बारिश के मौसम में डेंगू, मलेरिया और गैस्ट्रो जैसी बीमारियों के प्रकोप की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। महापौर ने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित करने और सभी स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
इस दौरान महापौर अजीव पाटील ने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान नागरिकों के स्वास्थ्य और शहर की स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बारिश के सीजन में आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा या स्वास्थ्य संबंधी समस्या का सामना न करना पड़े। इस दौरान आरोग्य सभापती नीलेष देशमुख सहित कई मनपा अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।





