प्रशासनिक सुधार की दिशा में बड़ा कदम
ठाणे पुलिस आयुक्तालय में प्रशासनिक स्तर पर बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। पुलिस स्थापना मंडल की बैठक के बाद कुल 53 पुलिस निरीक्षकों के तबादले के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इन तबादलों में नियमित प्रशासनिक बदलाव के साथ-साथ अधिकारियों के अनुरोध पर किए गए स्थानांतरण भी शामिल हैं।
इन विभागों में मिली नई तैनाती
जारी आदेश के मुताबिक, पुलिस निरीक्षकों को शहर के विभिन्न पुलिस थानों, अपराध शाखा, विशेष शाखा, शहर यातायात शाखा और आर्थिक अपराध शाखा में तैनात किया गया है। कई अधिकारियों को संवेदनशील और महत्वपूर्ण थानों की कमान सौंपी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को उनके वर्तमान पद पर ही बनाए रखा गया है।
तत्काल कार्यभार लेने के सख्त निर्देश
पुलिस उप आयुक्त मुख्यालय-2 की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को इस आदेश के अनुपालन की रिपोर्ट तुरंत प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। पुलिस के अनुसार, यह फेरबदल आयुक्तालय में प्रशासनिक कार्यों को और अधिक सुचारू और प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।









