वसई-विरार शहर महानगरपालिका (VVMC) क्षेत्र के रहने वाले लोगों को शुक्रवार को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में सूर्या डैम से जलापूर्ति करने वाली मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके चलते शहर के कई प्रमुख इलाकों में करीब 6 से 7 घंटे तक पानी की सप्लाई बंद रहेगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ हादसा
महानगरपालिका के जलापूर्ति विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे पेलार फाटा, बावखल क्षेत्र में घटी। मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग के पास एक ट्रक की चपेट में आने से पाइपलाइन फट गई। इस हादसे के बाद पाइपलाइन में बड़ा लीकेज शुरू हो गया, जिसके कारण पानी बहने लगा और आपूर्ति ठप हो गई।
किन इलाकों में रहेगी पानी की किल्लत
पाइपलाइन की मरम्मत में लगने वाले समय को देखते हुए महानगरपालिका ने कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बंद करने की घोषणा की है। नालासोपारा ईस्ट और वेस्ट, नवघर-माणिकपुर, वसई गांव, वसई ईस्ट और वेस्ट, नायगांव ईस्ट और वेस्ट, वाळीव तथा जुचंद्र जैसे प्रमुख क्षेत्रों में पानी की सप्लाई पूरी तरह से बंद रहेगी।
युद्धस्तर पर चल रही मरम्मत
अधिकारियों ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही जलापूर्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। अनुमान है कि पाइपलाइन को दुरुस्त करने में करीब 6 से 7 घंटे का समय लगेगा। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद पानी की सप्लाई चरणबद्ध तरीके से बहाल की जाएगी। सभी क्षेत्रों में सामान्य जलापूर्ति होने में थोड़ा अतिरिक्त समय लग सकता है।
प्रशासन की नागरिकों से अपील
वसई-विरार महानगरपालिका ने इस स्थिति को देखते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का उपयोग बहुत ही सोच-समझकर और जरूरत के अनुसार करें। प्रशासन ने लोगों से मरम्मत कार्य पूरा होने तक धैर्य रखने और सहयोग करने की गुजारिश की है।




