वसई-विरार में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार धीमी कर दी है। जलभराव की गंभीर स्थिति के कारण महानगरपालिका की सार्वजनिक परिवहन सेवा पूरी तरह प्रभावित हो गई थी। मंगलवार को पूर्वी क्षेत्र के कुछ हिस्सों से पानी उतरने के बाद बस सेवा को आंशिक रूप से बहाल किया गया है, लेकिन पश्चिमी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अभी भी पूरी तरह ठप है।
केवल 5 मार्गों पर चल रहीं 16 बसें
महानगरपालिका के परिवहन विभाग के अनुसार, पूर्वी क्षेत्र में पानी कम होने के बाद फिलहाल सीमित संसाधनों के साथ बस सेवा शुरू की गई है। वर्तमान में केवल 5 मार्गों पर 16 बसें संचालित की जा रही हैं। इनमें मार्ग क्रमांक 101 (सातीवली) पर 3 बसें, मार्ग 102 (वसई फाटा) पर 4 बसें, मार्ग 302 (फुलपाड़ा) पर 2 बसें, मार्ग 310 (चांदीप-शिरसाड) पर 5 बसें और मार्ग 330 (विरार-द्वारकाधीश मंदिर) पर 2 बसें शामिल हैं।
पश्चिमी क्षेत्र में सेवा पूरी तरह बंद
वहीं, शहर के पश्चिमी हिस्से में 20 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हैं। इसके चलते पश्चिमी क्षेत्र में महानगरपालिका की बस सेवा अभी भी पूरी तरह बंद है, जिससे इस क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सामान्य दिनों में 65 हजार यात्री लेते हैं सफर
बता दें कि वसई-विरार महानगरपालिका के परिवहन विभाग के बेड़े में वर्तमान में 114 बसें हैं, जिनमें 40 ई-बसें भी शामिल हैं। सामान्य स्थिति में 36 मार्गों पर ये बसें संचालित होती हैं और प्रतिदिन लगभग 60 से 65 हजार यात्री इनका उपयोग करते हैं। लेकिन लगातार बारिश और जलभराव के कारण मुख्य और आंतरिक मार्ग पानी में डूब गए, जिससे सार्वजनिक और निजी दोनों तरह का यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।




