नालासोपारा: नालासोपारा पश्चिम के साई अभूदय सोसायटी क्षेत्र में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सड़क पर जमा पानी उछलने जैसी मामूली बात ने हिंसक रूप ले लिया। रफ्तार के कहर और गुस्से में चूर्ण हो चुके कुछ युवकों ने एक शख्स पर हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। इस मामले में विरार पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उनकी धरपकड़ शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार बाइक और कीचड़ का पानी बना विवाद की वजह
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित अजय अमर सिंह पांचाल (30) ने बताया कि बीती 7 जुलाई की सुबह करीब 6 बजे वह अपने दोस्त प्रशांत दवे के साथ सोसायटी के पास खड़ा था। इसी दौरान एक पीले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक बेहद तेज रफ्तार में वहां से गुजरे। बाइक की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि सड़क पर जमा गंदा पानी उछलकर सीधे अजय के कपड़ों पर आ गिरा। इस पर अजय ने बाइक सवार को टोकते हुए कहा कि “भाई, गाड़ी जरा संभालकर और देखकर चलाया करो।”
साथियों को बुलाकर किया जानलेवा हमला
अजय की यह नसीहत बाइक सवार गुंडों को इतनी नागवार गुजरी कि वे उस समय तो चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद अपने अन्य साथियों और घातक हथियारों के साथ मौके पर वापस लौटे। आरोपियों ने आते ही अजय के साथ गाली-गलौज और बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अपने पास रखी हॉकी स्टिक, लोहे की रॉड और लकड़ी के डंडों से अजय पर हमला बोल दिया।
इस बर्बर हमले में अजय के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। जब अजय को बचाने के लिए उसका दोस्त प्रशांत दवे बीच-बचाव करने आया, तो हमलावरों ने उसे भी नहीं बख्शा और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, जाते-जाते आरोपियों ने प्रशांत की पत्नी को भी जान से मारने की धमकियां दीं।
पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपी फरार
खून से लथपथ पीड़ित ने किसी तरह पुलिस स्टेशन पहुंचकर आपबीती सुनाई और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। नालासोपारा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न सुसंगत और कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से ही सभी आरोपी इलाके से फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।






