नालासोपारा (पूर्व): नालासोपारा पूर्व के धानिव बाग क्षेत्र के निवासियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। अघोषित बिजली कटौती, बार-बार की आपूर्ति में रुकावट और अत्यधिक बिजली बिलों की समस्याओं को लेकर हाल ही में हुई महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (MSEB) की बैठक में उठाई गई आवाज का असर दिखने लगा है। क्षेत्र के धानिव बाग नाका और धानिव बाग तालाब के पास 200 KVA क्षमता के दो नए ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक स्थापित कर दिए गए हैं।
इन क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ
इन दोनों नए ट्रांसफार्मरों के चालू होने से धानिव गांवठन, धानिव बाग तालाब और आसपास के व्यापक आवासीय क्षेत्रों में रहने वाले हजारों बिजली उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज और बार-बार होने वाले पावर कट की समस्या से निजात मिलेगी।
वार्ड में कुल 7 ट्रांसफार्मर लगाने की योजना
मामले पर जानकारी देते हुए नगरसेविका प्रदीपिका सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बिजली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कुल 7 नए ट्रांसफार्मर मंजूर कराए गए हैं। इनमें से 2 ट्रांसफार्मर चालू हो चुके हैं, जबकि बाकी बचे 5 ट्रांसफार्मरों को लगाने का काम प्रक्रिया में है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।
असामाजिक तत्वों ने की काम रोकने की कोशिश, सहयोग से सुलझा विवाद
प्रदीपिका सिंह ने यह भी खुलासा किया कि ट्रांसफार्मर इंस्टॉलेशन के दौरान कुछ स्थानीय तत्वों ने काम में बाधा डालने और विवाद खड़ा करने का प्रयास किया था। हालांकि, स्थिति बिगड़ने से पहले ही प्रभाग के अन्य नगरसेवक पंकज पाटिल, धर्मेंद्र यादव और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने सूझबूझ से हस्तक्षेप किया। मामले को शांत कराने के बाद काम को सफलतापूर्वक पूरा कराया गया।
गौरतलब है कि इसी सप्ताह आयोजित MSEB की समीक्षा बैठक में नगरसेविका प्रदीपिका सिंह ने स्थानीय नागरिकों की बिजली समस्याओं को बेहद आक्रामक ढंग से रखा था और अधिकारियों से तुरंत कार्रवाई की मांग की थी। अब इन दो नए ट्रांसफार्मरों के शुरू हो जाने से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था के सुचारू होने की पूरी उम्मीद है।











