वसई: वसई पूर्व के वसंतनगरी से पूर्व-पश्चिम को जोड़ने वाले मुख्य फ्लाईओवर (पुल) और संपर्क मार्ग की जर्जर हालत को लेकर राजनीति गरमा गई है। स्थानीय विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने वसई-विरार शहर महानगरपालिका (VVMC) की कार्यशैली और ठेकेदारों की लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने मनपा आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. को पत्र लिखकर बदहाल सड़क की तुरंत मरम्मत कराने और दोषी अधिकारियों व ठेकेदार पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
घंटों लग रहा जाम, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड भी फंसने का खतरा
विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने बताया कि सड़क जगह-जगह धंस गई है और उस पर जानलेवा गड्ढे बन चुके हैं। इसके कारण रोजाना पूर्व से पश्चिम जाने वाले नागरिकों को चंद मिनटों के सफर के लिए करीब एक घंटे तक ट्रैफिक जाम में जूझना पड़ रहा है। सबसे गंभीर बात यह है कि इस जाम में आपातकालीन वाहन जैसे एम्बुलेंस और दमकल गाड़ियां भी फंस रही हैं, जिससे नागरिकों की जान पर खतरा मंडरा रहा है।
IIT जांच, अधिकारियों के निलंबन और ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की मांग
विधायक ने मनपा प्रशासन पर घटिया निर्माण का आरोप लगाते हुए कहा कि महज दो साल पहले बनी यह सड़क अब भी अधूरी है और इसके निर्माण में तकनीकी मानकों को ताक पर रखा गया। उन्होंने प्रशासन के सामने निम्नलिखित मांगें रखी हैं:
- सड़क के निर्माण और गुणवत्ता की IIT से निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों को तुरंत निलंबित किया जाए।
- घटिया काम करने वाले ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज हो।
20 अगस्त से तीव्र जन-आंदोलन का अल्टीमेटम
विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने मनपा प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 19 अगस्त 2026 तक सड़क की मरम्मत और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वह 20 अगस्त 2026 से जनता के साथ सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगी।











