नालासोपारा: नालासोपारा पूर्व स्थित आचोले मार्ग (Achole Road) की जर्जर स्थिति से परेशान स्थानीय नागरिकों का गुस्सा अब सड़कों पर बैनर-पोस्टर के रूप में फूट पड़ा है। लंबे समय से सड़क की उपेक्षा से नाराज लोगों ने इलाके में एक विवादित पोस्टर लगाकर स्थानीय जनप्रतिनिधि पर तीखा हमला बोला है।
पोस्टर पर लिखा- “प्रभाग 16 के नगरसेवक को क्या दिखाई देता है?”
इलाके में लगाए गए एक वायरल पोस्टर पर मराठी में लिखा है— “प्रभाग क्रमांक 16 मधील नगरसेवक यांना पाहिलेत काय???” यानी “प्रभाग क्रमांक 16 के नगरसेवक को क्या दिखाई देता है?”। दिलचस्प बात यह है कि इस विवादित पोस्टर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का चुनाव चिह्न भी छपा हुआ नजर आ रहा है, जिससे राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
गड्ढों और जलभराव से राहगीर परेशान
वायरल हो रही तस्वीरों में आचोले रोड की बदहाली साफ देखी जा सकती है। पूरी सड़क पर बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढे हो चुके हैं और बारिश का पानी भरने से यह किसी तालाब जैसी नजर आ रही है। सड़क की इस हालत के कारण रोजाना दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं और पैदल चलने वालों का निकलना भी दुभर हो गया है।
प्रशासन और नगरसेवक की चुप्पी
हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह पोस्टर किसी नाराज नागरिक समूह द्वारा लगाया गया है या इसके पीछे कोई राजनीतिक गुटबाजी है। वहीं दूसरी ओर, इस वायरल पोस्टर और सड़क की दुर्दशा पर संबंधित नगरसेवक या वसई-विरार महानगरपालिका प्रशासन की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि बारिश के मौसम में यह सड़क कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। नागरिकों ने मनपा प्रशासन से मांग की है कि राजनीति बंद कर तुरंत आचोले मार्ग के गड्ढों को भरा जाए और सड़क की मरम्मत कराई जाए।











