भिवंडी: महाराष्ट्र सरकार के राजस्व (महसूल) विभाग और मंत्रालय में ऊंची पहुँच का धौंस दिखाकर नौकरी दिलाने के नाम पर 70 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच यूनिट-2, भिवंडी की टीम ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
नकली आईडी कार्ड और जाली लेटरहेड बरामद गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस को फर्जी सरकारी पहचान पत्र (आईडी कार्ड), नकली रबर स्टैंप और महाराष्ट्र सरकार के जाली लेटरहेड बरामद हुए हैं। आरोपी खुद को बड़ा सरकारी अधिकारी बताकर बेरोजगार युवाओं को अपने जाल में फंसाते थे और उनसे मोटी रकम ऐंठते थे।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में हुई कार्रवाई यह बड़ी सफलता क्राइम ब्रांच यूनिट-2 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शीतल राऊत के नेतृत्व में मिली है। पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

अंतरराज्यीय नेटवर्क होने की आशंका, जांच जारी क्राइम ब्रांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक और कितने युवाओं को अपना शिकार बनाया है और ठगी की यह रकम कहां-कहां ठिकाने लगाई गई है। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं।











