ठाणे (विशेष संवाददाता): ठाणे शहर के वर्तक नगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां मामूली विवाद के बाद एक होटल मैनेजर पर धारदार हथियार और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तड़के 4:30 बजे की घटना, सिर और हाथ में आई गंभीर चोटें
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना 4 अगस्त 2026 की तड़के लगभग 4:30 बजे घटी। शिकायतकर्ता ठाणे के एक होटल में बतौर मैनेजर कार्यरत है। बताया जा रहा है कि होटल में आए दो युवकों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने होटल के बाहर मैनेजर को घेर लिया और लोहे की रॉड व धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में मैनेजर के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
अस्पताल में इलाज जारी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना के तुरंत बाद लूलूहान हालत में मैनेजर को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वर्तक नगर पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वारदात के बाद से ही दोनों आरोपी फरार हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। साथ ही, पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी के पास इस वारदात से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो वे तुरंत वर्तक नगर पुलिस स्टेशन को सूचित करें।











