मुंबई के कुर्ला पश्चिम स्थित चिराग नगर इलाके में बुधवार तड़के हुए एक बड़े भूस्खलन (Landslide) ने भारी तबाही मचाई है। गौसिया चॉल में हुए इस हादसे में पहाड़ी का मलबा सीधे तौर पर चॉल के दो से तीन कमरों पर आ गिरा, जिससे गहरी रात में सो रहे लोग मलबे के नीचे दब गए। इस अचानक हुई दुर्घटना से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है।
राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी बुधवार तड़के करीब 3:48 बजे हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB), स्थानीय पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा, एनडीआरएफ (NDRF) और बीएमसी (BMC) वार्ड का अमला तुरंत हरकत में आया। वर्तमान में एनडीआरएफ के जवानों और लगभग 50 बीएमसी कर्मचारियों की टीम युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। मलबे के नीचे अभी भी 6 से 8 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तलाश जारी है।
भाभा और राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराए गए पीड़ित हादसे के तुरंत बाद बचावकर्मियों ने मलबे से निकालकर दो घायलों को तुरंत कुर्ला के भाभा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। वहीं, राजावाड़ी अस्पताल में लाए गए साहिल अंसारी (28) और मोहम्मद समीर (14) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है और मलबा हटाने का काम लगातार जारी है।











