वसई-विरार: आगामी गणेशोत्सव के पावन अवसर से पहले वसई-विरार शहर की बदहाल सड़कों और खतरनाक गड्ढों की तत्काल मरम्मत की मांग जोर पकड़ने लगी है। वसई-विरार शहर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्याध्यक्ष रतन तिवारी ने महानगरपालिका आयुक्त को पत्र सौंपकर शहर के सभी मुख्य मार्गों का पैचवर्क और गड्ढे भरने का काम युद्धस्तर पर पूरा करने की मांग की है।
जलजमाव से हादसों का बढ़ा खतरा बारिश के कारण नालासोपारा स्टेशन से पेल्हार, फुलपाड़ा, धानिव बाग, सहकार नगर, प्रगति नगर, ओस्तवाल नगरी, संतोष भवन, वसई फाटा, सातिवली, कामन और एवरशाइन सिटी समेत दर्जनों इलाकों की सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। सड़कों पर बने इन गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क की गहराई का अंदाज़ा नहीं लग पा रहा है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है।
गणेशोत्सव में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़ कांग्रेस कार्याध्यक्ष रतन तिवारी ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान बाप्पा के आगमन और विसर्जन के समय इन प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं व नागरिकों की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में बदहाल सड़कें न केवल श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा से खिलवाड़ हैं, बल्कि शहर के यातायात को भी पूरी तरह ठप कर सकती हैं। इसलिए नगर निगम प्रशासन संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों को गणपति आगमन से पूर्व सड़कों की मरम्मत के कड़े निर्देश जारी करे।
आंदोलन की चेतावनी प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए रतन तिवारी ने साफ शब्दों में कहा, “नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि गणेशोत्सव से पहले महानगरपालिका ने गड्ढों की सुध नहीं ली और मरम्मत कार्य पूरा नहीं कराया, तो जनहित में कांग्रेस पार्टी की ओर से उग्र ‘रास्ता रोको’ आंदोलन किया जाएगा।”
उन्होंने उम्मीद जताई कि पालिका प्रशासन मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई शुरू करेगा।








