मीरा-भाईंदर महानगरपालिका द्वारा निर्मित लता मंगेशकर नाट्यगृह की बदहाली से आयोजक और दर्शक बेहद परेशान हैं। करोड़ों रुपये की लागत से बने इस अत्याधुनिक नाट्यगृह का एयर कंडीशनिंग (AC) सिस्टम बार-बार खराब होने के कारण रविवार को एक प्रसिद्ध व्यावसायिक कार्यक्रम ऐन वक्त पर रद्द करना पड़ा। इस अव्यवस्था को लेकर मनपा प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
AC बंद होने से शो रद्द, दर्शकों के पैसे लौटाने पड़े रविवार को प्रसिद्ध संगीतकार अमित टंडन का कार्यक्रम आयोजित था, जिसके लिए दर्शकों ने ऑनलाइन टिकट बुक किए थे। तय समय तक AC शुरू न होने के कारण भीषण गर्मी और घुटन के चलते आयोजकों को शो रद्द कर दर्शकों का रिफंड करना पड़ा। मनपा का दावा है कि शनिवार को AC की मरम्मत की गई थी, लेकिन गैस लीक होने की वजह से सिस्टम फिर से ठप हो गया।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने जताया कड़ा ऐतराज उसी दिन परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक की संस्था का ‘गणेश दर्शन स्पर्धा’ पुरस्कार वितरण समारोह भी इसी नाट्यगृह में था। AC बंद होने से नाराज मंत्री सरनाईक ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इतनी भव्य इमारत की उचित देखभाल न होना शर्मनाक है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मनपा आयुक्त और महापौर को ‘मनी ऑर्डर’ भेजने की जरूरत है ताकि वे इसका रखरखाव ठीक से कर सकें।
1 साल से ठेकेदारों का भुगतान बकाया सूत्रों के अनुसार, नाट्यगृह के रखरखाव और मरम्मत का काम निविदा प्रक्रिया के तहत निजी ठेकेदारों को सौंपा गया है। हालांकि, पिछले एक साल से कई ठेकेदारों को भुगतान ही नहीं किया गया है। समय पर फंड न मिलने की वजह से ही मेंटेनेंस की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है और 100 करोड़ की इमारत दो साल में ही बदहाल नजर आने लगी है।











