---Advertisement---

विरार पूर्व में कथित अवैध निर्माण के लिए हरे-भरे पेड़ों पर चला JCB! 3-4 पेड़ काटने का आरोप, मनपा प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग |

September 3, 2026 4:11 PM
---Advertisement---

बिना अनुमति JCB चलाकर पेड़ गिराने का आरोप विरार पूर्व के सहकार नगर क्षेत्र स्थित वृंदावन अपार्टमेंट (सर्वे नंबर 70) में कथित अनधिकृत निर्माण को अंजाम देने के उद्देश्य से भारी मशीनरी यानी जेसीबी (JCB) की मदद से हरे-भरे पेड़ों को धराशायी किए जाने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को परिसर में जेसीबी चलाकर लगभग 3 से 4 पेड़ों को काटा गया, जिनमें फलदार अमरूद का पेड़ भी शामिल था। स्थानीय निवासियों ने सवाल उठाया है कि क्या पेड़ों की इस तरह कटाई के लिए संबंधित व्यक्तियों द्वारा प्रशासन से कोई वैध अनुमति ली गई थी या यह पर्यावरण को क्षति पहुँचाने वाला गैर-कानूनी कृत्य है।

पंचनामा, जांच और कठोर कार्रवाई की उठी मांग स्थानीय नागरिकों ने वसई-विरार शहर महानगरपालिका प्रशासन से तुरंत संज्ञान लेने की अपील की है। मांग की गई है कि मनपा अधिकारी मौके पर पहुंचकर तत्काल निरीक्षण करें और पंचनामा तैयार करें। यदि बिना अनुमति के पेड़ काटे गए हैं, तो पेड़ काटने वालों के साथ-साथ संबंधित भूमि मालिक और डेवलपर/विकासक के खिलाफ ‘महाराष्ट्र वृक्ष संरक्षण एवं संवर्धन अधिनियम’ तथा अन्य सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जाए।

इसके साथ ही, सर्वे नंबर 70 पर चल रहे या प्रस्तावित निर्माण कार्य की वैध बांधकाम अनुमति (Construction Permission) और स्वीकृत नक्शे की गहन जांच की जाए। यदि निर्माण अवैध पाया जाता है, तो उसे तुरंत रोककर ध्वस्त करने की मांग की गई है। निवासियों का कहना है कि काटे गए पेड़ों की प्रजाति और पर्यावरणीय क्षति का आधिकारिक रिकॉर्ड बनाकर दोषियों से पुनर्लागवड (री-प्लांटेशन) कराया जाए, ताकि अन्य बचे हुए पेड़ों को बचाया जा सके।

मनपा अधिकारी से संपर्क का प्रयास असफल इस संवेदनशील मुद्दे पर वसई-विरार शहर महानगरपालिका प्रभाग समिति ‘सी’ की सहायक आयुक्त अश्विनी मोरे से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने और प्रशासनिक कार्रवाई की जानकारी लेने का प्रयास किया गया। हालांकि, बार-बार कॉल किए जाने के बावजूद उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया या उत्तर प्राप्त नहीं हुआ।

नगरसेविका मीनू धनजय झा की सख्त चेतावनी मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रभाग क्रमांक 7 की नगरसेविका मीनू धनजय झा ने स्पष्ट किया कि उनके क्षेत्र में किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हम पहले से ही मना कर रहे हैं। हमारे प्रभाग में एक भी अवैध बांधकाम नहीं होने देंगे।”

नगरसेविका ने मनपा प्रशासन से तुरंत स्थल निरीक्षण करने का आग्रह किया और मांग रखी कि पेड़ों की अवैध कटाई में संलिप्त सभी दोषियों के खिलाफ अविलंब पुलिस मामला दर्ज कर कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment