---Advertisement---

श्री गौरी केदारेश्वर मंदिर में भव्य संगीत संध्या, ओडिसी नृत्य से की गई मां जगदंबे की आराधना |

October 16, 2026 2:18 PM
---Advertisement---

वाराणसी |

वाराणसी के केदारघाट स्थित प्रसिद्ध श्री गौरी केदारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर गुरुवार को भव्य संगीत संध्या का आयोजन किया गया। श्री कुमार स्वामी मठ के तत्वावधान में और पूज्य महंत श्रीलश्री सभापति यजमान स्वामी जी की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम में कलाकारों ने ओडिसी नृत्य के माध्यम से मां जगदंबे, भगवान श्रीगणेश और भगवान शिव की आराधना की।

श्री गौरी केदारेश्वर मंदिर के इंचार्ज अंबाले विश्वनाथ जी ने बताया कि पद्मभूषण केलुचरण महापात्र के शिष्य राहुल मुखर्जी के संयोजन में ओडिसी नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुमार स्वामी मठ के मैनेजर टी. त्यागराजन शेखर, मंदिर के इंचार्ज अंबाले विश्वनाथ जी, मुख्य अर्चक धुलिपाला नारायण शास्त्री, अर्चक एल.एन. मूर्ति और के.पी.के. राज राजन ने मां जगदंबे का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर किया।

मंगलाचरण से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

संगीत संध्या का शुभारंभ मंगलाचरण से हुआ। कलाकार अमिका, आराधना, पावनी और साक्षी ने मंगलाचरण के माध्यम से भगवान श्रीगणेश की आराधना की। इसके बाद बटु नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसके माध्यम से भगवान शिव की उपासना की गई। इस प्रस्तुति में कलाकार कौशिकी आराधना ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का समापन भगवान शिव और मां जगदंबा की आराधना को समर्पित शांकरा वर्णन पल्लवी नृत्य से हुआ। इस प्रस्तुति में पलक, आराध्या, साक्षी और श्वेता ने भाग लिया।

कलाकारों को अंगवस्त्रम और प्रसाद देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले सभी कलाकारों को श्री गौरी केदारेश्वर मंदिर की ओर से सम्मानित किया गया। मंदिर के इंचार्ज अंबाले विश्वनाथ जी और मुख्य अर्चक धुलिपाला नारायण शास्त्री ने कलाकारों को अंगवस्त्रम, प्रसाद और दक्षिणा प्रदान की।

इस अवसर पर सामाजिक संस्था मोक्ष सदन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्षा वेम्पराला उषारानी ने भी सभी कलाकारों का सत्कार किया।

समारोह में डॉ. अभिषेक, सुप्रसिद्ध वैदिक विद्वान पंडित चन्द्रशेखर घनपाठी, चक्रवर्ती विजय नावड़ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन केदारनाथ ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मंदिर के मुख्य अर्चक धुलिपाला नारायण शास्त्री ने किया।

रिपोर्ट:

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment