---Advertisement---

नालासोपारा सेवा समिति की दो दिवसीय सार्वजनिक छठ पूजा संपन्न, कृत्रिम घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने दिया अर्घ्य |

November 16, 2026 2:11 PM
---Advertisement---

महानगरपालिका की अनुमति नहीं मिलने से अचोले, गालानगर और मोरेगांव तालाबों में नहीं हो सकी पूजा; जनप्रतिनिधियों ने भविष्य में सुविधाएं उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन

नालासोपारा। नालासोपारा सेवा समिति की ओर से आयोजित दो दिवसीय सार्वजनिक छठ पूजा सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हुई। समिति वर्ष 1993 से नालासोपारा पूर्व के अचोले तालाब पर छठ पूजा का आयोजन करती आ रही है। बाद में गालानगर और मोरेगांव तालाब पर भी आयोजन शुरू किया गया। हालांकि, इस वर्ष वसई-विरार महानगरपालिका से जलाशयों में पूजा की अनुमति नहीं मिलने के कारण समिति को तीनों तालाबों के आसपास और अन्य स्थानों पर कृत्रिम तालाब तथा पूजा घाट तैयार करने पड़े।

तालाब परिसरों के प्रवेश द्वारों पर ताले लगाए जाने से श्रद्धालुओं में नाराजगी भी देखने को मिली। इसके बावजूद श्रद्धालुओं ने वैकल्पिक कृत्रिम घाटों पर छठ पूजा की परंपरा निभाई।

कृत्रिम घाटों पर हजारों व्रतियों ने दिया अर्घ्य

तमाम कठिनाइयों के बावजूद हजारों व्रतियों ने रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य और सोमवार को उदीयमान सूर्य को विधिवत अर्घ्य अर्पित किया। विभिन्न पूजा मंचों पर देशभर से आए कलाकारों ने छठ मैया और सूर्यदेव के भक्तिगीत प्रस्तुत किए। इससे पूजा स्थलों पर भक्तिमय माहौल बना रहा।

प्रशासन से धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने की अपील

समिति के अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश दुबे ने कहा कि प्रशासन को धार्मिक आस्था और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए निर्णय लेना चाहिए।

कार्यक्रम में भाजपा गुटनेता अशोक शेळके, नगरसेवक अभय कक्कड़, विशाल जाधव तथा नगरसेविकाएं पिंकी अमित राठोड और स्मिता भूपेंद्र पाटील उपस्थित रहीं। जनप्रतिनिधियों ने इस मुद्दे को महानगरपालिका में उठाने और भविष्य में श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

अतिथियों का सम्मान किया गया

समिति के मार्गदर्शक जयप्रकाश दुबे तथा वरिष्ठ सदस्य नवल किशोर मिश्रा, प्रेमनाथ दुबे (नवीन), अमित दुबे और विशाल दुबे ने कार्यक्रम में आए अतिथियों को रामनामी पहनाकर और सम्मानचिह्न देकर सम्मानित किया।

दो दिवसीय आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं ने कृत्रिम घाटों पर सूर्यदेव को अर्घ्य देकर छठ महापर्व की परंपरा पूरी की।

रिपोर्ट:

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment