---Advertisement---

ठाणे पुलिस की बड़ी सफलता: हैदराबाद में अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री का पर्दाफाश, 20 करोड़ से ज्यादा का माल जब्त |

June 2, 2026 2:06 PM
---Advertisement---

मीरारोड/हैदराबाद: ठाणे पुलिस की अपराध प्रकटीकरण शाखा (यूनिट-4) ने नशे के सौदागरों पर बड़ा शिकंजा कसा है। पुलिस टीम ने तेलंगाना के हैदराबाद में संचालित एक अवैध एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में मादक पदार्थ, रसायन और उत्पादन सामग्री जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

मीरारोड से मिली थी सुराग

यह बड़ी सफलता 4 अप्रैल 2026 को दर्ज किए गए एक मामले से मिली। उस समय मीरारोड के नया नगर क्षेत्र में एक महिला के घर से पुलिस ने करीब 1 किलो 324 ग्राम एमडी ड्रग बरामद किया था, जिसकी कीमत लगभग 2.66 करोड़ रुपये थी। इस मामले में महिला और उसके पति के खिलाफ नया नगर पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी।

तफ्तीश में खुला फैक्ट्री का राज

इस मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर पुलिस की टीम रायगढ़ के खालापुर और हैदराबाद तक पहुंची। जांच में खुलासा हुआ कि तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के पिचारगड्डी तांडा क्षेत्र में एक फार्महाउस के भीतर अवैध रूप से ड्रग निर्माण का कारखाना चलाया जा रहा था।

2500 लीटर रसायन और 2 किलो एमडी जब्त

पुलिस टीम ने फार्महाउस पर छापा मारकर फैक्ट्री को सील कर दिया। छापेमारी के दौरान 2 किलो तैयार एमडी ड्रग, ड्रग बनाने में उपयोग किए जाने वाले क्लोरोफॉर्म, एसीटोन, मोनोमेथाइलामीन और हाइड्रोक्लोरिक एसिड जैसे लगभग 2523 लीटर रसायन जब्त किए गए। इसके अलावा लैब उपकरण और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, इस रेड में जब्त माल की कीमत करीब 6.22 करोड़ रुपये है।

कुल जब्ती 20 करोड़ के पार

मीरारोड और हैदराबाद में की गई कार्रवाइयों को मिलाकर अब तक कुल 20.67 करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ और रसायन जब्त किया जा चुका है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दत्तात्रय शिंदे और अपराध शाखा के उपायुक्त संदीप डोईफोडे के मार्गदर्शन में की गई। मामले की आगे की जांच जारी है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment