---Advertisement---

प्रगतिशील कार्यों के लिए लायन डॉ. अनिरुद्ध चव्हाण होंगे “आईपीसी रत्न” सम्मान से सम्मानित

June 6, 2026 9:01 AM
---Advertisement---

पालघर: इंटरनेशनल प्रेस कम्युनिटी (आईपीसी) द्वारा समाजसेवा, संगठनात्मक नेतृत्व और जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए लायन डॉ. अनिरुद्ध चव्हाण को प्रतिष्ठित “आईपीसी रत्न” सम्मान प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान समारोह रविवार, 7 जून को शाम 5 बजे अंबरनाथ पश्चिम स्थित धर्मवीर आनंद दिघे नाट्यगृह में आयोजित किया जाएगा।

लायन डॉ. अनिरुद्ध चव्हाण पिछले लगभग दो वर्षों से आईपीसी के पालघर जिला अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में संगठन ने जिले में अपनी मजबूत पहचान बनाई है तथा विभिन्न सामाजिक, स्वास्थ्य और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों तक प्रभावी पहुंच स्थापित की है।

डॉ. चव्हाण द्वारा समय-समय पर निःशुल्क मेडिकल कैंप, स्वास्थ्य जांच शिविर, जनसेवा कार्यक्रम तथा जरूरतमंदों के लिए सहायता अभियान आयोजित किए गए हैं। इसके अलावा संगठन के विस्तार, सदस्यता वृद्धि और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इन्हीं उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए आईपीसी के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से उन्हें “आईपीसी रत्न” सम्मान से सम्मानित करने का निर्णय लिया है।

आईपीसी के राष्ट्रीय सचिव ऋषिकेश मिश्रा ने बताया कि लायन डॉ. अनिरुद्ध चव्हाण ने संगठन को नई दिशा देने के साथ-साथ समाजहित में कई सराहनीय कार्य किए हैं। उनके समर्पण, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना को सम्मानित करने के उद्देश्य से यह पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है।

समारोह में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के संस्थापक अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और उनके हाथों डॉ. चव्हाण को सम्मान प्रदान किया जाएगा।

इस सम्मान समारोह को लेकर आईपीसी के सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के नागरिकों में उत्साह का माहौल है। संस्था ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment