---Advertisement---

ऑनलाइन योग सत्र में शामिल होकर बनाएं गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, 14 जून को होगा विशेष आयोजन

June 13, 2026 9:21 AM
---Advertisement---

पालघर : आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर योग के प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 14 जून 2026 को सुबह 6:15 बजे से 7:16 बजे तक एक विशेष ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकतम लोगों की भागीदारी के माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करना है।

यह ऑनलाइन योग सत्र आयुष मंत्रालय और हैबिल्ड हेल्थटेक प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आयुष मंत्रालय के आधिकारिक यूट्यूब प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा।

सत्र में भाग लेने के इच्छुक नागरिकों को टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पूर्व पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद प्रतिभागियों को योग सत्र की लिंक और आवश्यक निर्देश संदेश के माध्यम से भेजे जाएंगे।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के नियमों के अनुसार प्रत्येक प्रतिभागी को अपने व्यक्तिगत डिजिटल उपकरण जैसे मोबाइल, लैपटॉप या टैबलेट से अलग-अलग लॉग-इन करना अनिवार्य होगा। प्रत्येक पंजीकृत डिवाइस की उपस्थिति को स्वतंत्र भागीदारी के रूप में मान्यता दी जाएगी।

जिला क्रीड़ा अधिकारी पालघर सुहास व्हनमाने ने सभी जिला क्रीड़ा अधिकारियों, विभागीय उपनिदेशकों, जिला प्रशासन, महानगरपालिकाओं, जिला परिषदों, विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्रों, स्वयंसेवी संगठनों तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों से इस अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 को सफल बनाने तथा योग के प्रति जनजागृति बढ़ाने के लिए सभी संबंधित संस्थाएं और नागरिक सक्रिय रूप से इस महाअभियान में शामिल हों और भारत को एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने में सहयोग दें।

:- राधा कृष्णन सिंह (Ralivenews) 7507481201

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment