
नालासोपारा । पालघर जिले के युवा खिलाड़ी हार्दिक दयानंद पाटील ने जर्मनी के हैम्बर्ग शहर में आयोजित अपनी 45वीं आयरनमैन स्पर्धा सफलतापूर्वक पूरी कर नया इतिहास रच दिया है। इस उपलब्धि के साथ वे सबसे अधिक आयरनमैन स्पर्धाएं पूरी करने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।

उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर देशभर से बधाइयों का सिलसिला जारी है। 13 जून 2026 को पालघर सांसद डॉ. हेमंत सावरा, नालासोपारा विधायक राजन नाईक, नगरसेवक हितेश जाधव सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उनके कार्यालय पहुंचकर उनका विशेष सम्मान किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने हार्दिक पाटील की दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि उनकी इस विश्वस्तरीय उपलब्धि को शासन स्तर पर उचित मान्यता दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।आयरनमैन दुनिया की सबसे कठिन एकदिवसीय ट्रायथलॉन प्रतियोगिताओं में गिनी जाती है। लगातार 45 बार इस चुनौतीपूर्ण स्पर्धा को पूरा करना असाधारण शारीरिक क्षमता, मानसिक मजबूती और अदम्य साहस का परिचायक है। हार्दिक पाटील की इस सफलता से पालघर जिले सहित पूरे देश का गौरव बढ़ा है।





