
वसई, (सं), चिंचोटी क्षेत्र के लोहार पाड़ा, गवली पाड़ा, पाटील पाड़ा और थोरात पाड़ा के करीब 50 से 60 ग्रामीणों ने रविवार को विधायक जनसंपर्क कार्यालय, वसई पश्चिम में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 8 दिनों से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद है और पीने के पानी का भी गंभीर संकट बना हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार, बिजली और पानी की कमी के कारण दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। विशेष रूप से महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और छोटे बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक कार्यालय की ओर से तत्काल एमएसईबी वसई के कार्यकारी अभियंता प्रवीण सुटे से संपर्क किया गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अगले दो दिनों के भीतर 200 केवी क्षमता का नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

जलापूर्ति विभाग के प्रभारी कार्यकारी अभियंता सुरेंद्र ठाकरे से भी की चर्चा
इसके अलावा वसई-विरार शहर महानगरपालिका के जलापूर्ति विभाग के प्रभारी कार्यकारी अभियंता सुरेंद्र ठाकरे से भी चर्चा की गई। विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति शुरू की जाएगी।
इस दौरान नागरिकों को भरोसा दिलाया गया कि उनकी मूलभूत सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया जाएगा और प्रशासन के माध्यम से समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
“जनता का विश्वास, जनसेवा का संकल्प” के संदेश के साथ जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों की समस्याओं के समाधान का भरोसा जताया।





