नालासोपारा पूर्व में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वसई-विरार की ओर से रिक्शा चालकों के लिए ‘मराठी भाषा प्रशिक्षण वर्ग’ का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण मुख्य रूप से रिक्शा चालकों को मराठी भाषा सिखाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है, ताकि भविष्य में आरटीओ द्वारा ली जाने वाली लाइसेंस और बैज की मौखिक परीक्षाओं में उन्हें आसानी हो सके।
भाजपा नेताओं के हाथों हुआ उद्घाटन

इस विशेष प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन भाजपा नेता अमित ओमप्रकाश दुबे, केंद्र संचालिका डॉ. सुरेखा धनावडे और प्रशिक्षक रोहिणी राजेश जाधव ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन समारोह के दौरान 100 से अधिक रिक्शा चालक मौजूद रहे, जिन्होंने इस सामाजिक पहल के लिए आयोजकों की सराहना की और आभार व्यक्त किया।

आरटीओ परीक्षा में मिलेगी मदद
आयोजकों ने बताया कि आने वाले समय में आरटीओ द्वारा रिक्शा लाइसेंस एवं बैज के लिए मराठी भाषा में मौखिक परीक्षा ली जाएगी। ऐसे में यह प्रशिक्षण और इसके पूर्ण होने पर मिलने वाला प्रमाणपत्र रिक्शा चालकों के लिए अत्यंत लाभदायक साबित होगा।

प्रशिक्षण का समय और आवश्यक दस्तावेज
यह प्रशिक्षण सोमवार से शुक्रवार तक दोपहर 2 से 3 बजे और 3 से 4 बजे के बीच आयोजित किया जाएगा। प्रवेश के लिए इच्छुक चालकों को अपना वाहन परवाना, ड्राइविंग लाइसेंस और दो पासपोर्ट साइज फोटो जमा करने होंगे।

संपर्क और स्थान की जानकारी
यह निःशुल्क प्रशिक्षण भाजपा नेता अमित दुबे के जनसंपर्क कार्यालय, दुबे एस्टेट, नालासोपारा (पूर्व) में संचालित किया जा रहा है। प्रवेश और अधिक जानकारी के लिए ऋषभ तिवारी (9370666432) और दीपक माने (9604655457) से संपर्क किया जा सकता है।








