---Advertisement---

काशीमिरा पुलिस का बड़ा खुलासा: मोटरसाइकिल चोर गिरोह गिरफ्तार, 9 लाख का माल बरामद |

June 15, 2026 3:06 PM
---Advertisement---

मीरा-भायंदर: काशीमिरा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में चोरी की गई 8 मोटरसाइकिलें, 6 मोबाइल फोन, एक टैब, 14 सिम कार्ड और अन्य सामान समेत करीब 9 लाख रुपये का मुद्देमाल बरामद किया है। इस सफलता से मोटरसाइकिल चोरी के 8 मामलों का खुलासा हुआ है।

120 CCTV फुटेज खंगालकर पहुंची पुलिस आरोपियों तक

पुलिस के अनुसार, पिछले दो महीनों में हिरानंदानी एस्टेट क्षेत्र से रॉयल एनफील्ड हंटर और सुजुकी बर्गमैन जैसी महंगी दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने करीब 120 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

हिस्ट्रीशीटर है मुख्य आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिलिंद मनोहर सावंत (30), भूषण दिगंबर पुरी उर्फ राम गोरखामी (46) और सोहेल अब्दुल शेख (29) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना मिलिंद सावंत एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ मुंबई और ठाणे में 70 से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

चोरी की बाइक ऑनलाइन बेचने का था रैकेट

पुलिस ने बताया कि आरोपी पार्किंग में खड़ी मोटरसाइकिलों का हैंडल लॉक तोड़कर उन्हें सुनसान जगह ले जाते थे और फिर विशेष उपकरणों की मदद से वाहन स्टार्ट कर ले जाते थे। चोरी की गई बाइकों को कुछ दिनों तक छिपाकर रखा जाता था, उसके बाद फर्जी दस्तावेज और नंबर प्लेट तैयार कर उन्हें ऑनलाइन माध्यमों से बेच दिया जाता था।

पुलिस टीम को मिली सफलता

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त प्रशांत कदम और सहायक पुलिस आयुक्त मंदार जावले के मार्गदर्शन में काशीमिरा पुलिस स्टेशन की टीम ने अंजाम दी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और संभावना जताई जा रही है कि इस गिरोह के खुलासे से चोरी के और भी मामले सुलझ सकते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment