नायगांव: नायगांव पुलिस थाना क्षेत्र में एक करोड़ 25 लाख रुपये की आर्थिक धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित व्यवसायी की शिकायत पर एक आरोपी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्यापार के नाम पर लिए थे 1.25 करोड़ रुपये
पुलिस के अनुसार, होटल और निर्माण व्यवसाय से जुड़े 51 वर्षीय अशफाक अबुबकर नवीवाला ने नायगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि गुजरात के निवासी 45 वर्षीय शफीक सिराज पटेल ने व्यवसायिक जरूरतों का हवाला देकर अशफाक से 1 करोड़ 25 लाख रुपये उधार लिए थे। आरोपी लगातार पैसे लौटाने से बचता रहा और निर्धारित समय पर रकम वापस नहीं की।
पैसे मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी
14 जून, रविवार को शिकायतकर्ता पालघर जिले के सुमनवाड़ स्थित एक होटल में मौजूद थे। इस दौरान उन्हें एक अज्ञात अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने पैसे मांगने पर गोली मारने और परिवार सहित गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इस धमकी के बाद अशफाक ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी फरार
शिकायत के आधार पर नायगांव पुलिस ने आरोपी शफीक पटेल और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(5), 318(4), 351(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आर्थिक धोखाधड़ी और धमकी के इस मामले की गहन जांच कर रही है।







