वसई: भारतीय जनता पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश एसआईआर (SIR) प्रमुख किरीट सोमैया की उपस्थिति में वसई तहसीलदार कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वसई विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विशेष मतदाता सूची संशोधन (SIR) कार्यक्रम और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर इस बैठक में विस्तार से चर्चा हुई।
मतदाता पंजीकरण और शिकायतों पर हुई चर्चा

बैठक के दौरान मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया, नागरिकों की विभिन्न शिकायतों और प्रशासनिक मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। सोमैया ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आपसी समन्वय के साथ काम किया जाए और लंबित मामलों का जल्द से जल्द निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
अनधिकृत निर्माण और संदिग्ध नागरिकों का मुद्दा

बैठक के बाद किरीट सोमैया ने अधिकारियों और भाजपा पदाधिकारियों के साथ पाचूबंदर, गास टोकपाडा, कोळीवाडा और एकचोटी गांव क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान स्थानीय लोगों की शिकायतों के आधार पर क्षेत्र में हो रहे अनधिकृत निर्माण, अवैध झोपड़ियों और संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के मुद्दे की समीक्षा की गई।
स्थानीय लोगों से संवाद, सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर

दौरे के दौरान सोमैया ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। नागरिकों ने क्षेत्र में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को लेकर अपनी चिंता जाहिर की। इस पर भाजपा नेताओं ने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस विभागों से तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि वसई के नागरिकों की सुरक्षा, जनहित के मुद्दों और क्षेत्र के नियोजित विकास के लिए उनका प्रयास और फॉलो-अप लगातार जारी रहेगा।
ये अधिकारी रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक और दौरे के दौरान उपविभागीय अधिकारी शेखर घाडगे, मनपा उपायुक्त अजित मुठे, नायब तहसीलदार राजाराम देवकाते सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।







