बिना अनुमति चल रहा था एलोपैथिक क्लिनिक
नालासोपारा पूर्व के पेल्हार क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने एक फर्जी डॉक्टर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, आशा दवाखाना (इच्छापूर्ति चाल, पेल्हार पाडा) में बिना वैध पंजीकरण और आवश्यक अनुमति के एलोपैथिक चिकित्सा सेवाएं दी जा रही थीं। मनपा स्वास्थ्य विभाग की शिकायत के आधार पर पेल्हार पुलिस ने इस क्लिनिक पर छापेमारी की।
बड़ी मात्रा में दवाइयां और मेडिकल उपकरण जब्त
20 जून को हुई इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने क्लिनिक से ब्लड प्रेशर मशीन, ग्लूकोमीटर, थर्मामीटर और स्टेथोस्कोप जैसे चिकित्सा उपकरण जब्त किए हैं। इसके अलावा भारी मात्रा में दवाइयां, इंजेक्शन और कुछ शैक्षणिक दस्तावेज भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए हैं।
मनपा अधिकारी की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
यह कार्रवाई वैद्यकीय अधिकारी डॉ. वंदना प्रल्हाद वसईकर की शिकायत पर की गई। आरोपी की पहचान डॉ. अखिलेश कुमार नन्हेलाल गुप्ता (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा अवैध रूप से मरीजों का उपचार करने के मामले की जांच जारी है।







