
विरार : विरार पश्चिम स्थित वसई-विरार शहर महानगरपालिका मुख्यालय के पीछे बस पार्किंग परिसर में शुक्रवार को एक इलेट्रिक बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही बस से काले धुएं का विशाल गुबार उठने लगा, जिसे दूर-दूर तक देखा गया। घटना के चलते परिसर में मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग करीब 25 मिनट पहले लगी और देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। घटना की जानकारी मिलते ही वसई-विरार महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास शुरू कर दिए।

आग की भयावहता को देखते हुए
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर आग लगी, वहां कई अन्य बसें भी पार्क की गई थीं। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास खड़ी बसों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर हटाने की कार्रवाई की गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग केवल एक इलेट्रिक बस तक ही सीमित रही।

घटनास्थल से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में बस से घना काला धुआं निकलता दिखाई दे रहा है, जिससे आग की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। अग्निशमन कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं और स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास कर रहे हैं।फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। मनपा प्रशासन और अग्निशमन विभाग द्वारा घटना को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।



