---Advertisement---

CM सहायता निधि और टाटा ट्रस्ट ने दिलाई नई ज़िंदगी, पत्नी ने लिवर दान कर बचाई पति की सांसें |

August 5, 2026 2:29 PM
---Advertisement---

मुंबई: आर्थिक तंगी के कारण जीवन की उम्मीद हार रहे अकोला निवासी प्रशांत इंगले (47) को मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि और टाटा ट्रस्ट के सहयोग से नया जीवन मिला है। मुंबई के नानावटी अस्पताल में उनका सफल लिवर ट्रांसप्लांट (Liver Transplant) किया गया। इस भावुक और जीवनरक्षक सर्जरी में उनकी पत्नी वर्षा इंगले ने अपने लिवर का हिस्सा दान कर मिसाल कायम की।

21.60 लाख रुपये की मिली वित्तीय मदद

केबल बिछाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले प्रशांत के लिए लाखों रुपये का इलाज कराना असंभव था। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में ‘मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि’ से इलाज के लिए 2 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। वहीं, सहायता कक्ष के प्रयासों से टाटा ट्रस्ट की ओर से 19.60 लाख रुपये की बड़ी मदद मिली। कुल 21.60 लाख रुपये की सहायता से यह महंगा ऑपरेशन संभव हो सका।

बीमारी से टूटी उम्मीद, फिर मिली मदद की राह

साल 2025 में पेट दर्द की शिकायत के बाद प्रशांत का लिवर गंभीर रूप से खराब पाया गया। डॉक्टरों ने जल्द से जल्द ट्रांसप्लांट की सलाह दी। परिजनों ने स्थानीय विधायक के जरिए ‘मुख्यमंत्री सहायता निधि एवं धर्मादाय अस्पताल सहायता कक्ष’ के प्रमुख रामेश्वर नाईक से संपर्क किया। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद वित्तीय सहायता मंजूर की गई।

सफल ऑपरेशन के बाद मिली डिस्चार्ज

25 जून 2026 को नानावटी अस्पताल में सफल ट्रांसप्लांट किया गया। रिकवरी के बाद 13 जुलाई 2026 को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इंगले परिवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, रामेश्वर नाईक और टाटा ट्रस्ट का दिल से आभार जताया।

  • हेल्पलाइन नंबर: सहायता कक्ष के प्रमुख रामेश्वर नाईक ने बताया कि किसी भी जरूरतमंद मरीज की मदद के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-123-2211 पर संपर्क किया जा सकता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment