महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के कई वरिष्ठ और युवा अधिकारियों के तबादले व नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल के तहत जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (CEO) और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में नए परियोजना अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।
पालघर के जव्हार और डहाणू में नए सहायक कलेक्टर तैनात विशेष रूप से आदिवासी बहुल पालघर जिले के प्रशासनिक नेतृत्व में अहम बदलाव किए गए हैं। जव्हार की एकात्मिक आदिवासी विकास परियोजना अधिकारी एवं सहायक कलेक्टर डॉ. अपूर्वा बसुर (IAS: 2022) को प्रमोट कर सिंधुदुर्ग जिला परिषद का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बनाया गया है। वहीं डहाणू के सहायक कलेक्टर विशाल खत्री (IAS: 2022) को यवतमाल जिला परिषद के CEO पद की कमान सौंपी गई है।
तबादलों के बाद डहाणू में डोनुरु अनन्या रेड्डी (IAS: 2024) और जव्हार में पी.के. सिद्धार्थ रामकुमार (IAS: 2024) को परियोजना अधिकारी एवं सहायक कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
राज्यभर के अन्य प्रमुख प्रशासनिक बदलाव
- रवींद्र खेबुडकर (IAS: 2015): सिंधुदुर्ग जिला परिषद CEO पद से स्थानांतरित कर पुणे में भूजल सर्वेक्षण एवं विकास एजेंसी (GSDA) का आयुक्त बनाया गया।
- गजेंद्र बावणे (IAS: 2016): GSDA आयुक्त पद से हटाकर छत्रपति संभाजीनगर में महावितरण के संयुक्त प्रबंध निदेशक नियुक्त।
- शिवांश सिंह: गडचिरोली जिले के अहेरी क्षेत्र में परियोजना अधिकारी एवं सहायक कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई।
- अन्य सहायक कलेक्टर: कुश मोटवानी (वर्धा), आकाश वर्मा (गोंडपिंपरी, चंद्रपुर), नंदला साईकिरण (भंडारा) और योगेश कुमार मीना (जलगांव) के रूप में तैनात किए गए हैं।
इन नई नियुक्तियों से विशेष रूप से राज्य के दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।











