मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से महत्वपूर्ण चर्चा, जिला परिषद स्कूलों के मनपा में हस्तांतरण पर जल्द शासन निर्णय के संकेत
मुंबई। वसई विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न लंबित विकास कार्यों और नागरिकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने मंगलवार को मंत्रालय, मुंबई में मुख्यमंत्री, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वसई से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए शासन स्तर पर जल्द निर्णय लेने की मांग रखी।
विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर वसई के कई महत्वपूर्ण और लंबित मुद्दे उनके समक्ष रखे। इनमें प्रमुख रूप से जिला परिषद स्कूलों को वसई-विरार महानगरपालिका के अधीन हस्तांतरित करने का मुद्दा शामिल रहा। दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस विषय पर जल्द शासन निर्णय जारी करने का सकारात्मक आश्वासन दिया।
इसके अलावा वसई-विरार महानगरपालिका में अभियंताओं, सहायक आयुक्तों सहित विभिन्न रिक्त पदों को शीघ्र भरने, विधानसभा के अधिवेशन के दौरान वसई से जुड़े मुद्दों पर सरकार द्वारा दिए गए आश्वासनों को पूरा करने तथा ‘ओवर एंड एबव सीसी’ प्राप्त इमारतों को ऑक्युपेंसी सर्टिफिकेट (OC) देने से जुड़े लंबित मामलों पर भी मुख्यमंत्री के साथ चर्चा की गई।
इसके बाद विधायक ने नगर विकास, परिवहन, सामाजिक न्याय, चिकित्सा शिक्षा, अल्पसंख्यक विकास एवं औकाफ राज्यमंत्री माधुरी मिसाळ से भी मुलाकात की। इस दौरान वसई के विभिन्न नागरिक और विकास संबंधी मुद्दे उठाए गए। ‘ओवर एंड एबव सीसी’ वाली इमारतों के लंबित OC का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया।
हरित पट्टा, पुराने मकानों और बावखळों का मुद्दा भी उठा
नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव असीम गुप्ता के साथ हुई बैठक में वसई की नगररचना और विकास से जुड़े कई विषयों पर चर्चा की गई।
इसमें हरित पट्टा क्षेत्र में FSI, पूर्व ग्राम पंचायत क्षेत्रों में शामिल रहे और अब महानगरपालिका का हिस्सा बन चुके क्षेत्रों के पुराने मकानों के पुनर्विकास एवं मरम्मत में आ रही दिक्कतों तथा नगररचना विभाग की शर्तों में आवश्यक रियायत देने का मुद्दा शामिल था।
इसके साथ ही बावखळों से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा हुई। इन सभी विषयों पर संबंधित अधिकारियों के साथ अलग बैठक आयोजित कर समाधान निकालने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
PCPNDT कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर राज्यस्तरीय बैठक
विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने मंगलवार दोपहर मंत्रालय में गर्भधारण-पूर्व एवं प्रसव-पूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) यानी PCPNDT कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आयोजित राज्यस्तरीय बैठक में भी भाग लिया।
सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश आबिटकर की प्रमुख उपस्थिति और राज्यस्तरीय कृती दल समिति की अध्यक्ष नीलम गोऱ्हे की अध्यक्षता में हुई बैठक में बोगस डॉक्टरों की पहचान कर उनकी सूची सार्वजनिक करने, सोनोग्राफी केंद्रों का निरीक्षण करने तथा PCPNDT कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में समिति की सदस्य मनीषा कायंदे और उमा खापरे भी उपस्थित थीं।
विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने कहा कि वसई के मुद्दों को केवल उठाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन पर शासन स्तर पर निर्णय होने तक लगातार प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है।










