मुंबई: झोपड़पट्टी पुनर्वसन प्राधिकरण (SRA) द्वारा मुंबई में तैयार किए जा रहे ‘साहित्यरत्न लोकशाहीर अण्णाभाऊ साठे संशोधन एवं प्रशिक्षण संस्थान’ का भव्य भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह संपन्न हुआ। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कर-कमलों द्वारा रखी गई।
गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले, विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहिर, मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, मंत्री आशीष शेलार, मंत्री संजय शिरसाट, सांसद संजय पाटील, विधायक अमीत साटम तथा मुंबई की महापौर रितू तावड़े सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सामाजिक, शैक्षणिक और शोध का बनेगा प्रमुख केंद्र
इस संस्थान की स्थापना का मुख्य उद्देश्य लोकशाहीर अण्णाभाऊ साठे के कालजयी साहित्य, प्रगतिशील सामाजिक विचारों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण, गहन अध्ययन, शोध तथा प्रशिक्षण को बढ़ावा देना है।
समारोह के दौरान परियोजना की पट्टिका का अनावरण करते हुए राज्य सरकार ने इसे सामाजिक और शैक्षणिक दृष्टि से एक ऐतिहासिक कदम बताया। नेताओं ने कहा कि यह अत्याधुनिक संस्थान न केवल अण्णाभाऊ साठे के विचारों को जीवित रखेगा, बल्कि आने वाली युवा पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और उच्च स्तरीय शोध का एक मजबूत केंद्र साबित होगा।











