वसई: वसई पश्चिम स्थित विधायक जनसंपर्क कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी वसई-विरार शहर जिला अल्पसंख्यक मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों के लिए एक विशेष पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक स्नेहा दुबे पंडित के कर-कमलों द्वारा सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को आधिकारिक नियुक्ति पत्र सौंपे गए और उन्हें संगठन की जिम्मेदारियों से सुशोभित किया गया।
इन पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
संगठन का विस्तार करते हुए कई प्रमुख चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं:
- जिला उपाध्यक्ष: अमरजीत (छोटू) सिंह आनंद एवं थॉमस जेरोम डाबरे
- जिला महासचिव: अब्दुल मोबीन
- जिला सचिव: रिचर्ड रोजारियो एवं नूर खान
- जिला कोषाध्यक्ष: वेलंकणी जहीन पटेल
‘भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं’ — विधायक स्नेहा दुबे
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने सभी नव-मनोनित पदाधिकारियों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नए पदाधिकारी पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करेंगे, भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों व विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएंगे और क्षेत्र में समाजसेवा के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
इस अवसर पर भाजपा वसई-विरार शहर जिला महासचिव बिजेंद्र कुमार, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष मैथ्यू कोलासो तथा वसई पूर्व-दक्षिण मंडल अध्यक्ष उदय शेट्टी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।











