---Advertisement---

राम मंदिर चोरी मामले पर भड़की कांग्रेस: वसई-विरार में ‘संकीर्तन आंदोलन’, केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल |

July 17, 2026 5:31 AM
---Advertisement---

विरार: अयोध्या स्थित भव्य श्रीराम मंदिर में कथित चोरी की घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में गुरुवार को वसई-विरार जिला कांग्रेस कमेटी ने नालासोपारा के ओसवाल नगरी सर्किल पर एक अनोखा और शांतिपूर्ण ‘संकीर्तन आंदोलन’ आयोजित किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने इस दौरान “रघुपति राघव राजा राम” के भजन गाकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया और देश के सभी धार्मिक स्थलों की सुरक्षा चाक-चौबंद करने की मांग की।

इस शांतिपूर्ण आंदोलन का नेतृत्व नालासोपारा ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती रीना रामदास वाघमारे ने किया।

करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़: रीना वाघमारे

आंदोलन के दौरान सभा को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष रीना रामदास वाघमारे ने कहा कि अयोध्या के राम मंदिर में हुई यह घटना बेहद संवेदनशील है। यह केवल एक चोरी का मामला नहीं, बल्कि दुनिया भर के करोड़ों राम भक्तों की अटूट आस्था और विश्वास से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने सरकार से मांग की कि देश के सभी प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर कोई ढिलाई न बरती जाए और इसके लिए विशेष सुरक्षा तंत्र तैयार किया जाए।

केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए गंभीर सवाल

वसई-विरार कांग्रेस कमेटी के कार्याध्यक्ष रामदास वाघमारे ने भी घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस मंदिर की सुरक्षा में बड़ी-बड़ी एजेंसियां तैनात हैं, वहां ऐसी सुरक्षा चूक कैसे हो सकती है?

वहीं, जिला महासचिव रवि भूषण ने तीखे शब्दों में कहा:

“देश के नागरिकों और उनके धार्मिक स्थलों को सुरक्षित रखना सरकार की सबसे पहली और बुनियादी जिम्मेदारी है। इस तरह की लापरवाही बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”

कांग्रेस की नीति ‘सर्वधर्म समभाव’: अशरफ अली

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के सामाजिक न्याय विभाग के महासचिव अशरफ अली ने इस मौके पर कांग्रेस की विचारधारा को दोहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से ‘सर्वधर्म समभाव’ के सिद्धांत पर चलती आई है। देश के हर नागरिक को अपने पूजा स्थल की सुरक्षा की गारंटी मिलनी चाहिए, चाहे वह किसी भी धर्म का हो।

इस संकीर्तन आंदोलन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भजन-कीर्तन के जरिए समाज में शांति, आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की प्रार्थना की। पूरे प्रदर्शन के दौरान माहौल बेहद अनुशासित और शांतिपूर्ण रहा।

इस दौरान यह रहे शामिल

प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस महासचिव डॉ दिनेश कांबले,पूर्व जिला अध्यक्ष ओनिल अल्मेंड़ा,संगठन कार्यालय सचिव किरण शिंदे , संदीप कन्नौजिया के अशरफ,अशरफ अली,रामदास वाघमारे,संजय मीणा,विकास सिंह ,सुनील उपाध्याय,रीना वाघमारे,भीमराव पेटकर,सुनील यादव,अरफात सैयद,सुहेल खान,सुहेल चौधरी, प्रदीप कन्नौजिया,इत्यादि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories

Leave a Comment