---Advertisement---

दिवेआगर में दर्दनाक हादसा: समुद्र में डूबने से 8 छात्रों की मौत |

October 1, 2026 3:01 PM
---Advertisement---

पुणे के आलंदी से पिकनिक पर पहुंचे थे विद्यार्थी, समुद्र में नहाने के दौरान हुआ हादसा; सभी शव बरामद

श्रीवर्धन/रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दिवेआगर में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। मृतक विद्यार्थी पुणे जिले के आलंदी स्थित एक निजी अकादमी से जुड़े थे और पिकनिक के लिए दिवेआगर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, समुद्र में उतरने के दौरान पानी की गहराई और तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं लग पाने के कारण विद्यार्थी डूब गए। सभी आठ शव बरामद कर लिए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11वीं और 12वीं कक्षा के विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों का समूह दिवेआगर पहुंचा था। समुद्र में कुछ विद्यार्थी नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान वे गहरे पानी और समुद्री प्रवाह की चपेट में आ गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों और बचाव दल ने समुद्र में तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों और वॉटर स्पोर्ट्स से जुड़े कर्मचारियों की मदद से सभी आठ शवों को समुद्र से बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को बोर्ली पंचतन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

मृत छात्रों की पहचान यश किरण वानखेडे, सोहम तुकाराम भांडवलकर, तन्मय दत्तात्रय वाहिले, कौस्तुभ संदीप दौंड, कैवल्य वासनकर, राजवीर वाहिले, प्रणव बनसोडे और सुमित अहिरे के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है। घटना की परिस्थितियों और पिकनिक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

इस हादसे के बाद दिवेआगर और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। छात्रों की मौत की खबर से उनके परिवारों और परिचितों में गहरा दुख है।

तृप्ति प्रमाण

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment