काशिमीरा। मीरा-भाईंदर-वसई-विरार (MBVV) पुलिस आयुक्त कार्यालय की एंटी नारकोटिक्स सेल-1 ने राज्य के बाहर एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है। विशेष टीम ने राजस्थान के बालोतरा जिले में छापेमारी कर 2 किलो 45 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) नशीला पदार्थ जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त एमडी की कीमत लगभग ₹61.35 लाख आंकी गई है।
स्कॉर्पियो समेत ₹82.35 लाख का माल जब्त
पुलिस की इस कार्रवाई में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के लिए वाहन और संसाधन उपलब्ध कराने वाले मुख्य मददगार समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में अपराध में इस्तेमाल की गई महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी (GJ-18-EB-1049) सहित कुल ₹82,35,750 मूल्य का माल जब्त किया गया है। यह कार्रवाई काशिमीरा पुलिस स्टेशन में दर्ज अपराध क्रमांक 280/2026 एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8(क), 22(क) और 29 के तहत की जा रही जांच के सिलसिले में हुई है।
राजस्थान के बालोतरा में एंटी नारकोटिक्स सेल की रेड
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने पूर्व में इसी मामले के कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे 100 ग्राम मेफेड्रोन बरामद किया था। उन्हीं की निशानदेही और तकनीकी जांच के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम राजस्थान के नवोरा बेरा (तहसील पाटोदी, जिला बालोतरा) पहुंची। वहां घेराबंदी कर कम्मे मोबीन खान (36), अशोक कुमार मांगीलाल दाड़ी (20) और नरेंद्रकुमार धनाराम बांगड़वा (29) को पकड़ा गया, जिनके पास से व्यावसायिक मात्रा में मेफेड्रोन मिला।
मुख्य सप्लायर की तलाश जारी
मामले की कड़ी आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने विरधाराम देवाराम देवासी (20) को भी गिरफ्तार किया और उसकी स्कॉर्पियो गाड़ी जब्त की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ सप्लाई करने वाले वांछित मुख्य आरोपी की तलाश सरगर्मी से जारी है। यह संपूर्ण कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक्स सेल-1 के प्रभारी समीर शेख और उनकी विशेष टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।





