मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के अध्यक्ष अजिंक्य नाईक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड का दौरा किया। इस दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के सीईओ एवं सचिव रॉबर्ट लॉसन और क्रिकेट संचालन निदेशक रॉब लिंच से हुई।
क्रिकेट प्रशासन और अवसंरचना पर हुई विस्तृत चर्चा

दोनों संस्थाओं के बीच हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में क्रिकेट प्रशासन, आधुनिक खेल अवसंरचना और वैश्विक स्तर पर अपनाई जा रही सर्वोत्तम व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य मुंबई क्रिकेट को और अधिक मजबूत और अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की रणनीति पर विचार करना था।
एमसीए के ये प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
अजिंक्य नाईक के नेतृत्व वाले इस प्रतिनिधिमंडल में एमसीए के सचिव डॉ. उन्मेष खानविलकर, एपेक्स काउंसिल सदस्य नदीम मेमन और मैदान समिति के अध्यक्ष दिपेश निरुपम भी शामिल रहे। इन सभी ने लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड की प्रबंधन व्यवस्था का बारीकी से अध्ययन किया।

खिलाड़ियों के विकास पर होगा फोकस
एमसीसी की टीम द्वारा किए गए स्वागत और आतिथ्य के लिए अजिंक्य नाईक ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस दौरे से मिले अनुभव और सुझावों को मुंबई क्रिकेट के विकास और खिलाड़ियों के हित में लागू करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।







