नालासोपारा: आचोले-वसई लिंक रोड पर मार्टिन कॉम्प्लेक्स के समीप रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में होंडा शाइन बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 11:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे के बीच हुआ, जब तेज रफ्तार एलपीजी गैस डिलीवरी वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

आइकॉन अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
मिली जानकारी के अनुसार, भारत पेट्रोलियम (BPCL) के गैस वितरण वाहन और मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए लहूलुहान युवक को पास के आइकॉन अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक जाँच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक को लिया हिरासत में
हादसे की सूचना मिलते ही आचोले पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुँची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त गैस वितरण वाहन को अपने कब्जे में लेकर चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दुर्घटना किसकी लापरवाही के कारण हुई।











