विधायक राजन नाईक के मार्गदर्शन में सेवा परंपरा; गालानगर और मनवेलपाड़ा में हुआ आयोजन
नालासोपारा/विरार।
अनंत चतुर्दशी के अवसर पर नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र में इस वर्ष भी दो महाभंडारों का आयोजन किया गया। नालासोपारा पूर्व के गालानगर और विरार पूर्व के मनवेलपाड़ा तालाब के समीप आयोजित इन दोनों महाभंडारों में करीब 26 हजार से अधिक गणेश भक्तों ने महाप्रसाद का लाभ लिया। यह जानकारी भाजपा जिला महामंत्री मनोज बारोट ने दी।
गणेशोत्सव के दौरान विसर्जन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से गालानगर में पिछले 20 वर्षों से महाभंडारे की परंपरा जारी होने की जानकारी आयोजकों ने दी। वहीं, विरार पूर्व के मनवेलपाड़ा क्षेत्र में पिछले 5 वर्षों से महाभंडारे का आयोजन किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, विधायक राजन नाईक के मार्गदर्शन में इस वर्ष भी दोनों स्थानों पर भक्तिमय वातावरण में महाभंडारे आयोजित किए गए।
कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने संभाली व्यवस्था
महाभंडारे के आयोजन के दौरान भाजपा के पदाधिकारियों, नगरसेवकों, मंडल पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाओं में भागीदारी की।
श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए महाप्रसाद वितरण के साथ पेयजल, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और स्वयंसेवकों की तैनाती सहित विभिन्न व्यवस्थाएं किए जाने की जानकारी दी गई।
भाजपा जिला महामंत्री मनोज बारोट ने कहा कि अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश भक्तों की सेवा करने का अवसर उनके लिए श्रद्धा और सौभाग्य की बात है। उनके अनुसार, विधायक राजन नाईक के मार्गदर्शन में दो दशकों से जारी सेवा परंपरा इस वर्ष भी उत्साह के साथ संपन्न हुई।
बारोट ने कहा कि दोनों महाभंडारे किसी एक व्यक्ति या पदाधिकारी का कार्यक्रम नहीं, बल्कि विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम हैं।
राजन नाईक ने जताया आभार
विधायक राजन नाईक ने दोनों महाभंडारों को मिले प्रतिसाद के लिए गणेश भक्तों का आभार व्यक्त किया। साथ ही आयोजन की व्यवस्था और सेवा कार्य में योगदान देने वाले सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
गालानगर और मनवेलपाड़ा में आयोजित इन दोनों महाभंडारों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने के साथ अनंत चतुर्दशी के अवसर पर सेवा और धार्मिक आयोजन का माहौल देखने को मिला।











