नालासोपारा | नालासोपारा पूर्व क्षेत्र के नागिनदास पाड़ा इलाके में दिनदहाड़े एक ज्वेलर्स शॉप में लूट की कोशिश की गई। आरोपी नकली पिस्तौल का डर दिखाकर गहने लूटने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन दुकानदार की सूझबूझ और बहादुरी के चलते उनकी यह योजना विफल हो गई और आरोपी बिना कुछ लूटे ही मौके से फरार हो गए।
ग्राहक बनकर पहुंचे थे आरोपी

जानकारी के अनुसार, दो युवक ग्राहक बनकर ‘नीलम ज्वेलर्स’ नामक दुकान में पहुंचे। उन्होंने सोने के आभूषण देखने के बहाने दुकानदार को बातचीत में उलझा लिया। इसके बाद अचानक उन्होंने एक कथित रिवॉल्वर दिखाकर गहनों की ट्रे छीनने का प्रयास किया।
दुकानदार ने पहचाना नकली हथियार, मचाया शोर
इस दौरान दुकानदार ने गौर से देखा और तुरंत समझ गया कि आरोपियों के पास मौजूद हथियार असली नहीं बल्कि नकली है। दुकानदार ने हिम्मत नहीं हारी और तुरंत शोर मचाकर विरोध करना शुरू कर दिया। दुकानदार का विरोध सुनकर दोनों आरोपी घबरा गए और बिना कोई लूटपाट किए वहां से भाग खड़े हुए।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस कर रही तलाश
दुकान में लूट की इस पूरी कोशिश का घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सूचना मिलने पर तुलिंज पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।







